सफलता के लिए वार्तालाप की महत्ता

आइए मित्रों,

अब तक आप मेरी लेखनी के माध्यम से मेरी मूल अवधारणा को समझ ही गए होंगे। मनुष्य अपने जीवन में बेहतर संवाद व उत्तम विचारधारा के बल पर ही अपनी उन्नति करने में सक्षम होता है।  बेहतर संवाद शैली व कर्मठता इन दोनों का संगम आपको एक अत्यंत बेहतर व्यक्तित्व के रूप में रूपांतरित कर देता है वह आपको दैवीय शक्ति प्रदान करता है।



अवगुण व गुण सभी मनुष्यो में पाए जाते हैं ,जो अपने गुणों को बढ़ाता जाता है, उनमें निरंतर अभिवृद्धि करता है वह अपने सुंदर व्यक्तित्व के कारण कई व्यक्तियों के ह्रदय मंडल पर राज करता है। क्रिया की प्रतिक्रिया अवश्य होती है अगर आप में अपने आप को सुधारने की क्षमता है तो आप निरंतर अभिवृद्धि को प्राप्त होंगे। नई चुनौतियों का सामना जीवन में अवश्य करना चाहिए।

जो वर्तमान समय का सही सदुपयोग करता है वह आगे बढ़ता जाता है।  विभिन्न व्यक्तियों से मेल-मिलाप व उन पर भरोसा करना ही आपको आगे बढ़ने में सहायता प्रदान करता है।  विश्वास के टूटने का कारण एक केवल एक ही होता है, स्वयं के आत्मविश्वास में कमी, जो स्वयं की शक्ति को पहचानते हैं, वे व्यर्थ में अपना समय न गॅवाते हुए उसका उचित समायोजन करते जाते हैं।

ज्यादा से ज्यादा लोगों से संवाद करिए उन पर पूर्ण विश्वास करिए, प्रकृति आपकी सहायता अवश्य  करेगी।
ब्रह्मांड में कई शक्तियां सक्रिय होती है, वे  अपने आप आपस में जुड़ती जाती है।  एक सशक्त व्यक्ति अपने भीतर की आंतरिक ऊर्जा शक्ति द्वारा विभिन्न व्यक्तियों को आपस में जोड़ कर कार्य करने का साहस दिखाता है और उसमें कामयाब हो जाता है।

हमने कोई अधिक सफल या असफल केवल अपनी वैचारिक कर्म शक्ति के बल पर ही होता है।  निरंतर सही दिशा में प्रयास करते रहने से अंततः प्रकृति स्वयं विवश होकर आपकी सहायता हेतु तत्पर हो उठती है।

उन सुअवसरों को पहचानकर पूर्ण ऊर्जा शक्ति से उस ओर कार्य करना चाहिए।  तब वह परमपिता अवश्य आपका  सहयोगी बन जाता है।

जो उचित संवाद कला को जानते हैं, वह कई व्यक्तियों का रूपांतरण करने में सक्षम होते हैं। अपनी आंतरिक ऊर्जा शक्ति के कारण वे परास्त नहीं होते, वे अपनी राह बनाते जाते हैं। कुछ लक्ष्य जीवन में गुप्त ही रखना चाहिए, वे लक्ष्य परमपिता से ही वार्तालाप के जरिए ही पूरे करिये। उनसे, अच्छी ऊर्जा-शक्ति की शक्तिशाली तरंगो को अपने भीतर प्रवाहित होने दीजिए। उनसे संबंधित स्थापित करें, वह अपने आप ही दैवीय रूप से आपकी मदद करेंगे।

पर पूर्ण रूपेण आंतरिक उर्जा पर दृढ़ बने रहिए, अपने मूल लक्ष्य की बाधाओं को बुद्धिमता पूर्वक पार करिए। वार्तालाप के जरिए आपका सामने वाले व्यक्ति की विचारधारा से परिचय होता है. उत्तम व्यक्तित्व का मालिक पारदर्शी सिद्धांत को जीवन में  अपनाता है,इसलिए सफलता उसके कदम चूमने लगती है।

उचित समय पर उचित निर्णय लेने की क्षमता ही आपको आगे बढ़ने का मार्ग प्रदान करती है।  आगे बढ़कर जो औरों को सहयोग प्रदान करते हैं उनकी सहायता ईश्वर स्वयं ही करता जाता है।  यही उस प्रकृति व उसके नियंता का अनूठा रहस्य है।  आप की हमारी सफलता हमारे अपने शुभ अशुभ विचारों का प्रतिबिंब होती है।  जो शुभ विचारों व व्यक्तियों का साथ जीवन के मार्ग में अपना लेता है,वह निरंतर  प्रगति के नए सोपानों को छूता जाता है। उसकी राह में स्वयं लोग जुड़ने लगते हैं।

ईश्वर सभी को साहस व उचित सद्बुद्धि प्रदान करें यही कामना,

आपकी और हमारी सफलता का रहस्य केवल एक ही है, अपने कर्म क्षेत्र में श्रद्धा पूर्वक किया गया प्रयास अवश्य सफल होता है।  सभी का हित हो परमपिता सबको अच्छी प्रेरणा व सद्बुद्धि प्रदान करें, बस यही विनय

गरल सुधा रिपु करहि मिताई,
गोपद सिंधु अनल सितलाई।

प्रेरणा देने वाले प्रभु श्री राम है, उन्हीं की प्रेरणा से चित्त  में अनुकूल परिवर्तन हुआ करते हैं। विष भी उनकी कृपा से अमृत बन जाया करता है। उस अदृश्य शक्ति को परम अहोभाव से नमन, जो अप्रत्यक्ष होते हुए भी संपूर्ण विश्व का संचालन करती है।

0 टिप्पणियाँ: